गोरखपुर से घर आ रहे शिक्षक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचे घर वालों ने लाश की पहचान की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद लाश को घर वालों को सुपर्द कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर घर की महिलाओं में चीख पुकार मच गई।
मईल थाना क्षेत्र के पिपरा रामधर गांव निवासी मानवेन्द्र मिश्र (32) गोरखपुर के कौड़ीराम ब्लॉक के एक परिषदीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे। शनिवार की शाम गोरखपुर से सलेमपुर आने के लिए पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए। सफर के दौरान वह चौरीचौरा स्टेशन के समीप ट्रेन से गिर गए। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने लाश की पहचान करने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। देर रात तक शिक्षक के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के सदस्य परेशान हो गए। तलाश करते हुए घर वाले गोरखपुर मोर्चरी में पहुंचे और लाश की पहचान की। जानकारी मिलने पर घर वालों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। शिक्षक अपने तीन भाईयों में सबसे छोटा था। अभी इसकी शादी नहीं हुई थी और नौकरी के साथ-साथ आईएस की तैयारी भी करता था।