पाली। थाना क्षेत्र के नकटौरा गांव में संपत्ति के विवाद में एक युवक ने रविवार देर शाम गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने हमलावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।शाहजहांपुर जिले के थाना अल्लगंजरामपुर बघेड़ा गांव निवासी रामकुमार ने पाली थाना क्षेत्र के नकटौरा गांव की विनोदा देवी से शादी की थी। रामकुमार का एक बेटा श्याम बहादुर नकटौरा में रहता है जबकि दूसरा वीर बहादुर शाहजहांपुर जिले के थाना क्षेत्र अल्लागंज के रमपुर बघेरा में रहता है। इसी गांव के रामवीर ने विनोदा देवी को नकटौरा गांव में एक कारखाना दिया था। इस कारखाने को लेकर श्याम बहादुर और रामवीर के बेटे राजेश में विवाद चल रहा है।
आरोप है कि रविवार शाम करीब छह बजे राजेश कुछ साथियों को लेकर नकटौरा पहुंचा और कारखाने के बाहर बैठे श्याम बहादुर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से श्याम बहादुर घायल हो गया। ग्रामीणों के दौड़ने पर हमलावर भाग निकले। परिजन और ग्रामीण श्याम बहादुर को लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस उसे पाली सीएचसी ले गई। गंभीर हालत में डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल के भाई वीर बहादुर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष दीना नाथ मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हमलावर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।