देवरिया (ब्यूरो)। बैंक से रुपये लेकर घर जा रहे रिटायर शिक्षक के बैग से उचक्के एक लाख रुपये लेकर भाग गए। गुरुवार की दोपहर कोतवाली पहुंचकर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पहचान में जुटी है।
कोतवाली थानाक्षेत्र बड़हरा गांव निवासी भीम सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। शहर के राघवनगर में बैंक आफ इंडिया से उन्होंने एक लाख रुपये किसी काम के लिए निकाला। इसी दौरान उन्होंने विड्राल फॉर्म भरने के लिए बैंक में मौजूद एक युवक का सहयोग किया। रुपये निकालने के बाद युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ भीम सिंह के साथ बैंक से निकला। सिविल लाइन रोड पर आने के बाद शिक्षक ने ई रिक्शा पर सवार हो गए।
संदिग्ध युवक भी उनके साथ हो लिए। रास्ते में कहीं उचक्कों ने उनके बैंक से एक लाख रुपये निकाल लिया। घर पहुंचने पर शिक्षक को मामले की जानकारी हुई। उन्होंने काफी खोजबीन की। फिर कोतवाली पहुंचकर थाने में तहरीर दी। पुलिस बैंक पहुंची और सीसीटीवी कैमरे की मदद से संदिग्धों की पहचान में जुटी है। इंस्पेक्टर ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।