जमीन विवाद में तलवारें चलीं, चार जख्मी
सलेमपुर में विवादित जमीन में निर्माण कराने को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया। मारपीट में प्रधान के दो भतीजे समेत चार घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराया। घायलों का इलाज सीएचसी पर पुलिस की देखरेख में कराया गया। पुलिस ने इस मामले में गांव की प्रधान शशिकला समेत 17 लोगों पर बलवा और मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के जमुआ नंबर एक गांव निवासी प्रगास अपने पट्टे की जमीन में बृहस्पतिवार को दीवार का निर्माण करा था। सुबह करीब नौ बजे प्रधान के भतीजे टुनटुन और नागेश्वर उर्फ मंटू ने विवादित जमीन होने की बात कहते हुए निर्माण कार्य बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया।
जिससे टुनटुन के कंधे और मंटू के सिर पर चोटें आईं। बीच बचाव करने गई गुलाइची देवी को भी लोगों ने पीटा। इसके अलावा दूसरे पक्ष के प्रगास को भी हाथ और सिर पर चोटें आईं। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करा घायलों का सीएचसी पहुंचाया जहां सभी का इलाज हुआ। राजस्व विभाग का कहना है कि पूर्व में सीमांकन हो चुका है।
प्रगास अपने जमीन में निर्माण करा रहा था। बेवजह प्रधान के भतीजे रोकने के लिए गए थे। इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया कि प्रगास की पत्नी रेशमा देवी की तहरीर पर 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।