मईल में लो वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए जमीन के भीतर पड़े तार के चारो तरफ पानी डाल रही एक छात्रा करंट की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घर वालों में कोहराम मच गया और उसकी दरवाजे पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। लोगों के सहयोग से घर वालों ने उसका दाह संस्कार कर दिया।
कुंडौली गांव निवासी अमर प्रजापति की 18 वर्षीय बेटी पिंकी इंटर की छात्रा थी। इस वर्ष वह यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुई थी। शनिवार की सुबह लो वोल्टेज के कारण बिजली से चलने वाले उपकरण नहीं चल रहे थे।
वोल्टेज ठीक करने के लिए जमीन के अंदर किए गए अर्थिंग में पिंकी पानी डाल रही थी। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। इससे घर वालों में अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे गांव वालों ने बिजली का मेन तार तोड़कर उसे किनारे किया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस बाबत एसओ जेपी सिंह यादव ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है।