एकौना के बसडीला गांव के सरेह में डंठल में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
एकौना/रुद्रपुर (ब्यूरो)। शॉर्ट सर्किट से खजुहा गांव के सरेह में आग लग गई। वहीं एकौना के बसडीला गांव के करीब डंठल में आग लग गई। आबादी की ओर आग बढ़ती देख अफरातफरी मच गई। गांववालों के प्रयास से आग बुझी तो लोगों ने राहत की सांस ली। गुरुवार की दोपहर खजुहा गांव के बगल से होकर गुजरे बिजली के तारों से चिंगारी फूटने लगी।
चिंगारी से डंठल में आग लग गई। आग तेजी से गांव की ओर बढ़ने लगी। गांव के युवक करीब एक घंटे तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पा सके। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। जिस पर गांववालों ने नाराजगी व्यक्त की। यहां पिछले वर्ष भी तार से चिंगारी गिरने के कारण आग लगी थी। गांववालों ने जर्जर तार बदलने की मांग की।
सुबह दस बजे बसडीला गांव के करीब किसी ने डंठल में आग लगा दी। आग पूरे सरेह में फैल गई। बसडीला, सरांव, भेड़ी, बकरूआ आदि गांवों के लोग आग बुझाने को दौड़ पड़े। करीब तीन घंटे तक के प्रयास के बाद आग बुझ पाई। लोगों ने डंठल जलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।