सलेमपुर कोतवाली में तैनात एक सिपाही का उत्पात विभागीय अफसरों पर भी भारी पड़ रहा है। सिपाही ने आधी रात को एक दुकानदार की बेवजह इस कदर बेत से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विरोध करने पर उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी भी की। लोगों की भीड़ जुटने पर सिपाही वहां से खिसक गया। घायल का इलाज सीएचसी पर कराया गया। पैर में ज्यादा चोट होने के कारण डॉक्टर ने एक्सरे के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
नगर के इचौना पश्चिमी वार्ड निवासी मुन्ना रायनी बस स्टैंड पर सब्जी की दुकान चलाता है। शुक्रवार देर शाम दुकान बंद कर वह पास में स्थित अपने आवास पर चला गया। रात करीब 11.30 बजे उसके दुकान पर बंदरों का झुंड पहुंच गया। इसकी भनक मिलने पर बंदरों को भगाने के लिए मुन्ना और इसकी पत्नी रजिया बेगम र्गइं। इसी बीच कोतवाली में तैनात दो सिपाही बाइक से वहां पहुंचे। मुन्ना अभी कुछ समझ पाता कि बाइक पर पीछे बैठा नशे में धुत एक सिपाही बेत से उसकी पिटाई करने लगा। साथ में मौजूद सिपाही और दुकानदार की पत्नी बीच बचाव करने लगे। लेकिन सिपाही ने किसी की एक नहीं सुनी और दुकानदार को पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि दुकानदार के पत्नी के साथ सिपाही ने छेड़खानी भी की।
शोर सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकले तो दोनों सिपाही बाइक पर सवार होकर धमकी देते हुए कोतवाली के तरफ चले गए। कुछ देर बाद प्रभारी कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। लोगों का तेवर और सिपाही की करतूत सुनने के बाद वह भी वहां से बिना कुछ कहे चलते बने। दुकानदार की पिटाई से नगरवासियों में आक्रोश है। दुकानदार की पत्नी रजिया बेगम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत प्रभारी कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि अभी मै न्यायालय में आया हूं। तहरीर मिली होगी तो कार्रवाई की जाएगी।