देवरिया में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा रविवार को रुद्रपुर और गौरीबाजार इलाके में हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि रामपुर कारखाना और रजला के पास हुए हादसे में दो लोग घायल हो गए।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बलुआ गांव निवासी मैनेजर मंगलवार की दोपहर किसी काम से बैतालपुर गए थे। सड़क पार करने के दौरान अनुबंधित बस की चपेट में आ गए। मौके पर ही मैनेजर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सूचना घरवाले को दी। वहीं रुद्रपुर मेदनापुर निवासी रंगलाल गांव के बाहर गाय चरा रहे थे। इसी बीच क्रेन की चपेट में आने से वह घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। उपचार के दौरान रंगलाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जबकि रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के शहबाजपुर चौराहे के समीप बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल हो गया। इलाके के बसंतपुर निवासी योगेन्द्र सिंह रविवार को साइकिल से रिश्तेदारी पिपरा चंद्रभान गए थे। घर लौटते समय बाइक की ठोकर से वह घायल हो गए। वहीं कोतवाली थानाक्षेत्र के रजला अमेठी निवासी विद्यावती देवी किसी काम से चौराहे पर आई थी। बाइक की चपेट में आने से वह घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सूचना के बाद परिवार के लोग भी पहुंच गए।