पुलिस की गिरफ्त में साइबर अपराधी और बरामद सामान।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से ऑनलाइन खरीदे गए तमाम सामान बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने सदर कोतवाली में घटना का पर्दाफाश किया। पुलिस को पकड़े गए तीनों साइबर अपराधियों के चार साथियों की तलाश है।
एएसपी सुरेंद्र बहादुर ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि साइबर अपराध की घटनाओं की रोकथाम के लिए एसपी ने निर्देश दिया था। इसी क्रम में टीम बनाकर कार्य किया जा रहा है। सदर कोतवाली के भीमपुर गांव के रहने वाले सिंचाई विभाग के कर्मचारी अब्दुल रहमान ने एसबीआई की सलेमपुर स्थित खाता से 15 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की शिकायत की थी। इसीक्रम में पुलिस ने तीनों को धर दबोचा। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए साइबर अपराधियों के पास से तीन अदद नया सैमसंग का मोबाइल, तीन अदद शर्ट और टी-शर्ट, तीन अदद जींस पैंट और दो अदद सैमसंग और एमआई कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया है। पकड़े गए बाबूलाल चौहान, जीतेंद्र चौहान और जालंधर चौहान के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
सरगना जालंधर चौहान ने नौंवी कक्षा तक पढ़ा है। उसने कहा कि ज्यादा रुपये नहीं कमा पाया है, जो मिला है, उसे पीने-खाने में समाप्त कर दिया। उसने मऊ जिले के ही धर्मेंद्र राजभर, सूरज राजभर, सोनू राजभर और लक्ष्मण यादव को अपना सहयोगी बताया। इसके साथ ही उसने अटल नाम के लड़के को भी अपना सहयोगी बता रहा था। एएसपी सुरेंद्र बहादुर ने बताया कि इस अपराध में लिप्त अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।