रालोद कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को मांगपत्र सौपा।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव रणजीत विश्वकर्मा की पिटाई का मामला तूल पकड़ने लगा है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पांच मई की सुबह ग्राम डुमरी एखलास के कुछ लोगों ने रणजीत विश्वकर्मा के घर पर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों से वार किया गया। रणजीत, उनके भाई और पत्नी चोटिल हो गईं। रामपुर कारखाना में डॉक्टरी मुआयना भी हुआ। जिला अस्पताल में एक्सरे हुआ। इसके बावजूद रामपुर कारखाना के थानेदार ने मुकदमे का अल्पीकरण कर दिया।
रालोद नेताओं ने आरोप लगाया कि थानेदार आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पार्टी नेताओं के साथ पुलिस ऐसा कर रही है तो आम जनता के साथ क्या होता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। ज्ञापन के जरिए चेतावनी दी गई कि कार्रवाई नहीं होने पर रालोद कार्यकर्ता डीएम और एसपी का घेराव करेंगे। इस दौरान कृष्णा जायसवाल, विपिन श्रीवास्तव, बासुदेव यादव, जगदीश सिंह, लालसा यादव, रणजीत विश्वकर्मा और केसी मिश्र आदि मौजूद रहे।