सलेमपुर। पहली पत्नी के होते हुए गुपचुप तरीके से शादी रचाने पहुंचे दूल्हे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मंदिर में पुलिस की छापामारी से अफरातफरी मच गई। कुछ देर बाद पहली पत्नी पिता के साथ कोतवाली पहुंच गई। एसपी ने बघौचघाट पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया है।
बघौचघाट थाना के रामपुर गांव निवासी रीना की शादी भाटपाररानी नगर के विंध्वासनी कॉलोनी के अजीत वर्मा के साथ 2015 में हुई। शादी के तीन माह बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया। इसके बाद रीना पिता के साथ अरुणांचल प्रदेश में रहने लगी। बीच में रिश्तेदारों की मौजूदगी में कई बार पंचायत हुई लेकिन बात नहीं बनी। पत्नी के विदाई के लिए अजीत ने कोर्ट में मुकदमा किया है। इसी बीच घरवाले गुपचुप तरीके से युवक की शादी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तय कर दी। इसके लिए नगर के एक मंदिर पर शादी का रस्म पूरी करने की बात तय हुई। सोमवार को अजीत और उसके रिश्तेदार तय स्थान मंदिर पर बारात लेकर पहुंचे।
वहीं रीना पिता के साथ एसपी से शिकायत करने पहुंची। इसी बीच किसी ने युवक की शादी होने की सूचना दे दी। यह बात रीना ने एसपी को बताई। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शादी रोकने और विवाहिता के इच्छानुसार बघौचघाट थाने में केस दर्ज करने का आदेश दिया। वह घरवालों के साथ कोतवाली पहुंची। प्रभारी कोतवाल शशिकांत पांडेय ने बताया कि बिना कोर्ट से अनुमति लिए दूसरी शादी करना अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए शादी रोक दी गई है। दूल्हे समेत तीन को हिरासत में लिया गया है। विवाहिता के सहूलियत को देखते हुए केस दर्ज का आदेश हुआ है।