उलाहना लेकर दूसरे के दरवाजे पर पहुंचे बुजुर्ग को नाराज लोगों ने पीटकर मार डाला। घटना रविवार शाम को इलाके के सिरपेत गांव में हुई। विवाद होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
बनकटा के सिरपेत गांव निवासी ईश मुहम्मद (60) रविवार को दरवाजे पर बैठे थे। उनकी बकरी पर किसी ने धारदार हथियार से हमलाकर घायल कर दिया था। संदेह के आधार पर ईश मोहम्मद गांव के असगर के घर पहुंचे और पूछताछ शुरू की। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि असगर के परिवारवालों ने लाठीडंडे से ईश मोहम्मद की पिटाई शुरू कर दी। जिससे बुजुर्ग गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिवारवालों के सहयोग से उन्हें भाटपाररानी पीएचसी पर भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर पुलिस ने ईश मोहम्मद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। पुलिस हार्टअटैक की बात कह रही थी। लेकिन घरवालों ने चार लोगों के खिलाफ पीट पीटकर मार डालने की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर असगर और उनके घरवालों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कोट
तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की छानबीन की जाएगी। गांव में स्थिति सामान्य है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। - विजय नरायन, एसओ