बहू की विदाई नहीं करने पर हुई मारपीट में घायल सबनम के पिता और उसका भाई
मायके में आई बहू की विदाई कराने को लेकर ससुरालियों और मायके वालों के बीच मारपीट हो गई। दोनों तरफ से चले ईट-पत्थर में आठ से अधिक लोग घायल हो गए। सभी का इलाज सीएचसी पर कराया गया। पुलिस इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नगर के पिपरा नाजिर वार्ड निवासी मदिना अंसारी अपनी बेटी शबनम की शादी एक साल पूर्व कस्बा सलेमपुर गांव निवासी मकसूद के साथ किया था। शबनम एक कार्यक्रम में शामिल होने मायके कुछ दिन पूर्व आई थी। शुक्रवार की रात इसकी विदाई कराने के लिए ससुराल वाले पहुंचे। लेकिन मायके वालों ने शबनम को विदा करने से इंकार कर दिए। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चले। इसमें आठ लोगों का सिर फट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया। जबकि अन्य लोग वहां से फरार हो गए।
मारपीट में मायके पक्ष के शबनम, मदिना अंसारी, सहंसा अंसारी, सहाना और रिश्तेदारी में आई नैमुदीन, ताराबेगम घायल हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के मकसूद, सबीरा खातून को भी चोट लगी है। हालत गंभीर देख डॉक्टर सहंसा अंसारी और नैमुदीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि जिला अस्पताल पहुंचे घायलों का मेडिको लीगल बनाने से डॉक्टर ने इंकार कर दिया। इसको लेकर जिला अस्पताल में लोगों ने जमकर हंगामा किया। घायलों को वापस सीएचसी पर लाकर उनका उपचार हुआ। इस बाबत इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया मायके में आई बहू की विदाई कराने को लेकर मारपीट हुई है। चार लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया है।