दो बच्चियों की बिजली गिरने से मौत, दो झुलसे
देवरिया में रविवार की शाम को बिजली गिरने से दो बालिकाओं प्रतिमा (11) और अंजू (10) की मौत हो गई। जबकि एक बालक रीतेश (12) और उसकी मां सुधरावती देवी गंभीर रूप से झुलस गए । सभी गांव के तालाब के किनारे गाय और भैंस चराने ले गए थे। परिवारवालों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां रीतेश हालत गंभीर बनी हुई है।
खुखुंदू, शेरवा बभनौली गांव के कमधेनवा टोला के रामअवतार की बेटी प्रतिमा और दिनेश गोंड की बेटी अंजू गांव के अन्य लड़कियों और लड़कों के साथ गांव के तालाब के किनारे गाय और भैंस चराने के लिए ले गई थीं। शाम करीब साढे़ छह बजे आमसान बादल छा गए और बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान बिजली गिर गई। जिसकी चपेट में आने से दोनों की बच्चियों की मौत हो गई। जबकि सुधरावती देवी और उनका लड़का रीतेश गंभीर रूप से घायल हो गए ।
सूचना मिलते ही परिवार और गांव के लोग दौड़ पड़े। चारो को पीएचसी खुखुंदू लाया गया, लेकिन कोई चिकित्सक नहीं मिला। इसके बाद वे निजी चिकित्सक के पास गए। उसने मामले की गंभीरता को देख जिला अस्पताल भेज दिया। यहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में रितेश और उसकी मां का इलाज चल रहा है।