गौरीबाजार। होली के दिन मठिया माफी गांव के पोखरे में डूबने से युवक की मौत हो गई। आरोप था कि पट्टाधारक ने विवाद के बाद युवक को पानी में धक्का देकर गिरा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। लेकिन गांव के कुछ लोग थाने के पास पहुंचकर आरोपी पर हमला कर दिया। पुलिस ने लाठी चलाकर लोगों को खदेड़ा।
पट्टाधारक के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया। गौरीबाजार, मठिया माफी गांव निवासी सोनू विश्वकर्मा सोमवार के दिन साथियों के साथ होली खेल रहा था। तीन बजे के करीब वह मित्रों के साथ गांव में मौजूद पोखरे पर स्नान करने चला गया। इसी दौरान पाननकुंडा गांव निवासी पट्टाधारक महेंद्र निषाद से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गला दबाने के बाद महेंद्र ने सोनू को पोखरे में धक्का देकर गिरा दिया। वह गहरे पानी में चला गया। पोखरे के दूसरे तरफ स्नान कर रहे कुछ युवकों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
आधे घंटे तक तलाशी जारी रही। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पानी से सोनू को बाहर निकाला गया है। पुलिस ने आरोपी महेंद्र को हिरासत में ले लिया। हंगामा होता देकर पुलिस आरोपी को लेकर थाने के लिए निकल पड़ी। तभी बाइक सवार कई युवक पीछा करने लगे। गौरीबाजार पूर्वी ढाले के पास गांव के लोग आरोपी को जबरदस्ती छुड़ाने लगे। पुलिस के साथ लोगों ने हाथापाई की।
धक्कामुक्की के बीच पुलिस आरोपी को किसी तरह थाने तक ले जाने में सफल रही। पुलिस लाठी चलाकर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। सीओ रुद्रपुर नागेंद्र सिंह, तहसीलदार श्रीप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सोनू के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पर गैर केस दर्जकर जेल भेज दिया।