बनकटा थाना के ग्राम सोहनपुर में मंगलवार की रात द्वारपूजा के दौरान ऑर्केस्ट्रा पार्टी में डांस को लेकर बारातियों व घरातियों में लाठी-डंडे से मारपीट हो गई।
इस दौरान दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर भी चले जिसमें दूल्हे का सिर फट गया तथा बारातियों में भगदड़ मच गई।
दूल्हे सहित कुछ बारातियों का इलाज भुड़वार सीएचसी पर कराया गया। बिना शादी कराए ही बारात वापस चली गई। दूल्हे के पिता ने बनकटा थाने में घटना की तहरीर दे दी है।
ग्राम बिस्वार, थाना गुठनी जिला सीवान बिहार से बारात बनकटा थाना के सोहनपुर आई थी। द्वारपूजा के दौरान ऑर्केस्ट्रा में स्टेज के ऊपर चढ़ कर बारात के कुछ युवक डांस कर रहे थे।
गांव के कुछ युवक भी डांस के लिए स्टेज पर चढ़ गए और डांस करने लगे। यह बात बारातियों को नागवार लगी तथा घरातियों को उतारने लगे।
इसी बात को लेकर दोनाें पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनाें पक्षों से ईंट -पत्थर व लाठियां चलने लगीं। दूल्हे विकास का सिर फट गया।
उसके पिता छठठू सहित दर्जनों बाराती घायल हो गए तथा भगदड़ मच गई। बारात बिना शादी के ही वापस चली गई। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई तथा दोनों पक्ष को प्रमुख लोगों को थाने ले आई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।