देवरिया। कोर्ट के आदेश पर बनकटा पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपियों में एक लेखपाल भी शामिल है। फर्जी कागजात तैयार कर सभी लोगों ने वादी के साथ धोखाधड़ी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बनकटा थानाक्षेत्र के छपरा दुबौली गांव निवासी राकेश कुमार वर्मा पुत्र स्व. विश्वनाथ वर्मा का आरोप है कि मार्च-14 को उनकी जमीन को कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से दूसरे को बैनामा कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि भाटपाररानी के तहसील में तैनात लेखपाल रामजी प्रसाद, मैरवां सीवान निवासी बिहारीलाल की मिलीभगत से फर्जी कागजात तैयार कराया।
दोनों ने मिलकर शाहपुर नौतन निवासी हृदयानंद, मुर्कुरधन यादव, बनकटा बैकुंठपुर निवासी विनोद गौंड, रामपुर निवासी जयराम, विजय और रामपुर ब्रह्मचारी निवासी रामअवध बैठा के नाम पर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना था कि थाने में तहरीर दी गई लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। मामला कोर्ट में पहुंचा। सुनवाई के बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद बनकटा पुलिस ने बिहारीलाल, रामजी, हृदयानंद, मुर्कुरधन, विनोद गौंड, जयराम यादव, विजय और रामअवध बैठा के खिलाफ कूटरचित कागजात तैयार कर धोखाधड़ी, साजिश का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।