प्रतापपुर। असलहा के बल पर बाइक सवार चार बदमाशों ने 2.10 लाख रुपये लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने साइकिल सवार की पिटाई कर दी। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से लोगों में दहशत फैल गया। नौतन पुलिस ऐसी घटना से इंकार कर रही है। लूटे गए रुपये में सभी नोट 1000 और 500 के थे।
सिवान, नौतन थाना क्षेत्र के बलुआर गांव निवासी धर्मदेव यादव शनिवार को दिन में करीब दो बजे साइकिल से मैरवा 2.10 लाख रुपये लेकर जमा करने जा रहे थे। वह शाहपुर गांव के समीप पहुंचे थे कि पहले से वहां मौजूद दो बाइक सवार चार बदमाशों ने रोक लिया। साइकिल रुकते ही एक बदमाश असलहा सटा दिया और अन्य बदमाश रुपये से भरा झोला छीनने लगे।
धर्मदेव ने विरोध किया तो बदमाशों की लात घूसों से पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए मैरवा की तरफ भाग निकले। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। नौतन एसओ ने बताया कि लूट से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली है, पता लगाता हूं। गौरतलब है कि रुद्रपुर के महेन मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने शराब व्यवसायी से बाइक और 13.76 लाख रुपये लूट लिए थे।