शहर के भटवलिया चौराहे पर स्थित एक फर्नीचर की दुकान में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे करीब 50 लाख रुपये से अधिक के लकड़ी के सामान जलकर राख हो गए। बगल की दुकान भी आग की चपेट में आ गई है। फायर सर्विस की गाड़ी ने किसी तरह आग बुझाई। आग लगने की घटना शनिवार की रात को हुई।
शहर के उमानगर के रहने वाले दिवंगत चंद्रदेव के बेटे अभिमन्यु की भटवलिया चौराहे पर मौर्या टिंबर मर्चेंट नाम से दुकान है। दुकान में 12 से अधिक बेड सेट बनाकर रखे गए थे। इसके साथ ही अन्य सामान भी इसमें था। शनिवार की देर शाम को दुकान बंद कर सभी चले गए। रात में किसी समय विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे इसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बगल में ही रामपुर कारखाना के बिंदवलिया गांव के पिंटू की भी फर्नीचर की दुकान आग की चपेट में आ गई। आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद अभिमन्यु मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर सर्विस की गाड़ी ने मशक्कत कर आग बुझाई लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया था। सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पांडेय का कहना है कि बिजली के शार्ट सर्किट से फर्नीचर की दुकान में आग लग गई थी। फायर सर्विस की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास किया गया।