पुरैना गांव के समीप क्षतिग्रस्त हुए दूल्हे की कार को सड़क से हटाते लोग
सलेमपुर में कार और ट्रक के बीच बुधवार की रात टक्कर हो गई। इसमें दूल्हा समेत कार में सवार आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी पर कराया गया। दूल्हा समेत दो लोगों को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना की जानकारी होने पर घराती और बराती पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। इलाज कराने के बाद आधी रात को दूल्हे को दूसरे वाहन से पहुंचाया गया। तब जाकर द्वारपूजा और शादी की रस्म पूरी हुई।
भलुअनी थाना क्षेत्र के पैकौली गांव निवासी जयगोविन्द विश्वकर्मा की बारात कोतवाली क्षेत्र के चकरवा आश्रयदास आ रही थी। रात करीब 8.40 बजे दूल्हे की कार पुरैना गांव के समीप पहुंची थी इसी दौरान सामने से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। आस-पास के लोगों ने कार में सवार घायल दूल्हा जयगोविन्द विश्वकर्मा (24), ओमप्रकाश (40), अंजली (16), सौरभ (5), निखिल (15), उज्जवल (14), शुुुभम (10), शिखा (12) को अस्पताल पहुंचाया जहां सभी का इलाज हुुआ। वहीं दूल्हा और ओमप्रकाश को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर वधू पक्ष के लोग भी सीएचसी पर पहुंच गए। आधी रात के बाद दूल्हा दूसरे वाहन से चकरवा आश्रयदास पहुंचा। तब जाकर द्वारपूजा और शादी की रस्म पूरी की गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालकफरार हो गया।