बस स्टैंड से बाहर निकल रहे एक बुजुर्ग को वीरवार सुबह एक प्राइवेट कंपनी की बस ने कुचल दिया। हादसे में 70 वर्षीय कुंदन लाल निवासी ब्राऊन रोड की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही डिवीजन पांच के एसएचओ इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा और चौकी बस स्टैंड के प्रभारी सुदर्शन कुमार पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गिल ट्रांसपोर्ट के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सुदर्शन कुमार ने बताया कि कुंदन लाल शहर से बाहर गए हुए थे। वह वीरवार को बस से लुधियाना पहुंचे थे। बस स्टैंड से घर जाने के लिए वह पैदल ही बाहर निकले थे। कुछ ही दूरी पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें कुचल दिया। सुदर्शन के अनुसार आरोपी वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया। कुंदन लाल के परिजनों को बता दिया गया है। उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।