पोखरी में डूबने से छात्र की मौत।
- फोटो : file
मदनपुर में पोखरी में डूबने से एक छात्र की रविवार को मौत हो गई। वह शौच करने के बाद पानी के लिए पोखरी के किनारे गया था। पैर फिसलने से वह हादसे का शिकार हो गया। कुछ देर बाद बालक का शव पानी में तैरता हुआ मिला।
कुसुम्हा गांव के राम इकबाल हरिजन का बेटा शिवम (12) सातवीं का छात्र था। सुबह करीब दस बजे गांव के बाहर खेत में शौच करने को गया था। शौच के बाद पानी के लिए वह बगल में स्थित पोखरी में चला गया। पानी लेने के दौरान उसका पैर फिसल गया।
कुछ दूरी पर खेल रहे गांव के युवक उसे बचाने को पोखरी में कूदे। करीब दस मिनट के बाद उसका शव लोगों को मिला। मृतक चार बच्चों में तीसरे नंबर का था। बालक की मौत पर मां अनिता का रो रोकर बुरा हाल था। भाई के शव से बहने खुशबू, निधि और भाई सत्यम लिपट कर रो रहे थे। घर वालों ने शव का दाह संस्कार कर दिया।