रामपुर कारखाना के हेतिमपुर इलाके की रहने वाली एक छात्रा ने गांव के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामला शुक्रवार का है। पीड़िता के भाई ने थाने में तहरीर दी है। जबकि दो अन्य महिलाओं ने आरोपियों पर मारपीट के बाद छेड़खानी का आरोप लगाया है। तीनों मामले की पुलिस पड़ताल कर रही है। हेतिमपुर चौकी क्षेत्र की रहने वाली किशोरी कक्षा दस की छात्रा है। शुक्रवार दिन में वह गांव के बाहर गई थी।
आरोप है कि गांव के एक युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। शनिवार की शाम लड़की के साथ थाने पहुंचे भाई ने दुष्कर्म की तहरीर थाने में दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ की रहने वाली एक महिला का आरोप है कि पुराने विवाद में गांव के कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि विवाद करने वाले लोग महिला को जबरदस्ती घर में उठा ले गए और मनमानी की कोशिश की। घर के लोग मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की। जबकि शहबाजपुर गांव की रहने वाली एक दलित लड़की का आरोप है कि शनिवार की शाम वह कहीं जा रही थी। गांव के एक युवक ने लड़की को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। रास्ते में मनमानी की। विरोध करने पर आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष देवेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि छात्रा ने दुष्कर्म की तहरीर दी है। मामले की जांच कराई गई है। मामला अधिकारियों के संज्ञान में डाल दिया गया है। बाकी छेड़खानी के दोनों मामले आपसी रंजिश के लग रहे हैं। जांच कराई जा रही है। आरोप सही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।