भरथुआ चौराहा पर ट्रक की टक्कर से मौत के बाद रोती इसकी पत्नी।
सलेमपुर में ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा जिस पर लोगों ने पथराव किया जिससे ट्रक का शीशा टूट गया। मौका पाकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खुखुंदू के मठिया पठान गांव निवासी अतीबर नट (35) रविवार को साइकिल से भरथुआ चौराहे पर जा रहा था।
सुबह करीब 10 बजे अभी वह चौराहा के समीप पहुंचा था कि भटनी की तरफ कोयला लेकर जा रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में लिया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कम्हरिया चौराहे पर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लाश और ट्रक को कब्जे में ले लिया। अतीबर की मौत की खबर जब घर पहुंची तो घरवालों में चीख पुकार मच गई और भरथुआ चौराहा पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। अतीबर पशुओं के खरीद फरोख्त कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। खुखुंदू एसओ नीतिश श्रीवास्तव ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।