सलेमपुर (ब्यूरो)। इचौना पश्चिमी वार्ड में किराये के मकान में फंदे पर लटक कर भुजा बेचने वाले युवक ने जान दे दी। सुबह जब देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो बहन ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे को तोड़ा तो गोपाल छत के कुड़ी से लटकता मिला।
36 वर्षीय गोपाल मद्धेशिया इचौना पश्चिमी में सत्यम मिश्र के मकान में किराये पर रहता था। बहन बगल वाले कमरे में बच्चों के साथ रहती है। वह तीन भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई संजय इचौना पूर्वी में पैतृक आवास और दूसरे नंबर का भाई प्रदीप ससुराल में रहता है। कुछ वर्ष पहले गोपाल ने अपने हिस्से की संपत्ति बेचकर बहन की शादी की थी। बहन का पति नवल किशोर गुजरात में प्राइवेट कंपनी में काम करता हैं।
गोपाल की शादी हुई थी लेकिन पत्नी से संबंध टूट गया। बताया जाता है कि बुधवार की शाम वह नशे की हालत में आया और कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। सुबह जब भाई के कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला तो बहन ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कुंडी से लटकता गोपाल का शव मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल रफीक अहमद ने बताया कि आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।