सलेमपुर। जम्मू-कश्मीर के राजोरी में तैनात देवरिया के बीएसएफ जवान की जीएलसी प्रशिक्षण के दौरान अचानक मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही घर वालों में चीख पुकार मच गई। घर वाले शव आने का इंतजार कर रहे है। मईल के अड़िला निवासी चारू बाबू उपाध्याय का 35 वर्षीय बेटा बीएसएफ जवान अनिल कुमार उपाध्याय की तैनाती जम्मू-कश्मीर के राजौरी में थी। जीएलसी प्रशिक्षण के दौरान शुक्रवार को क्रॉस कंट्री दौड़ में अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस के माध्यम से जानकारी घर वालों को मिली तो वे दंग रह गए और गांव वालों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। पुलिस की माने तो देर रात को शव आने की उम्मीद है। इसके मौत से घर वालों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। घर वालों की माने तो इनकी एक मई 2003 को बीएसएफ में भर्ती इलाहाबाद में हुई थी और सात अगस्त 2003 को ड्यूटी ज्वाइन किए थे। नौकरी के दौरान कई बार आतंकियों के निशाने पर भी रहे। विभागीय पदोन्नति के क्रम में जीएलसी का प्रशिक्षण ले रहे थे। क्रास कंट्री दौड़ के दौरान इनकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि बीएसएफ जवान अनिल तीन भाइयों में बड़े थे। दूसरे नंबर का भाई अजीत उपाध्याय सीआरपीएफ में है। वहीं छोटा भाई अशोक कुमार घर पर खेती का काम संभालते है। बीएसएफ जवान के मौत से मानो परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा है। अनिल के दो बेटे और एक बेटी है। दोनों बेटा बीएससी कर रहे है और बेटी पंकज गाजीपुर से बीटीसी की पढ़ाई कर रही है।