प्रशिक्षु दरोगा की पिटाई करने वाले युवक को पकड़ कर ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। बहन के साथ बाइक से दुर्गा प्रतिमा देखने जा रहे बीटेक के छात्र ने प्रशिक्षु दरोगा की सुभाष चौक पर पिटाई कर दी। मेले के दौरान हुई मारपीट से मजमा लग गया। इसी बीच एसपी भी पहुंच गए। इसके पहले प्रशिक्षु दरोगा ने दो-तीन सिपाहियों के साथ युवक को इस कदर पीटा कि वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
गरूणपार के अभिजीत बरनवाल बीटेक के छात्र हैं। बुधवार रात साढ़े आठ बजे बाइक से अपनी बहन को दुर्गा प्रतिमा दिखाने ले जा रहे थे। सुभाष चौक पर दरोगा जयनारायण पांडेय और एक प्रशिक्षु दरोगा ने छात्र को रोक दिया।
कहा कि आगे गाड़ी ले जाना प्रतिबंधित है। युवक की पुलिसवालों से नोंकझोंक हो गई। प्रशिक्षु दरोगा ने युवक की पिटाई कर दी। पिटाई से आहत युवक चंद कदम दूर अपनी बहन को ले गया। बाइक वहीं खड़ी कर लौट आया और पुलिसवालों से उलझ गया। बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट होने लगी। चौक पर हुई मारपीट से लोगों का मजमा लग गया। काफी देर तक प्रशिक्षु दरोगा और युवक के बीच पटका-पटकी होता रही।
दरोगा को पिटता देख दो-तीन सिपाही आ गए और युवक की पिटाई कर दी। इसी बीच गश्त पर निकले एसपी मोहम्मद इमरान भी पहुंच गए। उन्होंने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। एसपी का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।