छात्रा पर एसिड फेंकने वाले आरोपी पुलिस कस्टडी में।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। स्कूल जा रही दो छात्राओं पर एसिड अटैक के तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के निकटता का विरोध करने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। एसिड अटैक के दौरान मुख्य आरोपी के चेहरे पर भी एसिड पड़ने से झुलस गया। एसिड एक किराने की दुकान से खरीदी गई थी। पुलिस दुकानदार की तलाश में है।
एसपी मोहम्मद इमरान ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि खामपार, बहोरवां की रहने वाली राबिया खातून सहेली के साथ साइकिल से बखरी इंटर कॉलेज में पढ़ने जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने ओवरटेक कर एसिड अटैक कर दिया। तीन अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास और एसिड अटैक का केस पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में राबिया ने मोबाइल पर धमकी मिलने की बात कही। स्कूल के लोगों से पूछताछ में तस्वीर साफ हो गई। जांच के बाद पुलिस ने लार निवासी आजाद उर्फ डब्बू पुत्र मोहम्मद इदरीश को गिरफ्तार किया। उसके चेहरे पर एसिड से झुलसने के निशान मिले। पूछताछ में बताया कि वह छात्रा से निकटता का प्रयास कर रहा था लेकिन उसने मना दिया।
साथी खामपार, जासपार निवासी अरविंद कुशवाहा और बखरी मेन निवासी रवि तिवारी के साथ मिलकर छात्रा पर एसिड अटैक कर दिया। घटना में प्रयोग बाइक रवि की थी। बाइक रवि चला रहा था। बीच में बैठे आजाद ने बोतल में रखे एसिड से हमला किया। तीनों आरोपियों ने हमले की बात को स्वीकार की है। एसिड पीड़ित राबिया और मुख्य आरोपी आजाद दूर का रिश्तेदार हैं। भिंगारी बाजार में दोनों की रिश्तेदारी है। पुलिस की मानें तो दो साल पहले दोनों संपर्क में आए। आरोपी युवक इकतरफा प्यार करता था।
दुकानदार पर होगी कार्रवाई
एसपी मोहम्मद इमरान ने बताया कि लार कस्बे में किराना स्टेशन चलाने वाला एक व्यक्ति आजाद उर्फ डब्बू का करीबी है। उसने दुकानदार से बताया कि एसिड टायलेट साफ करने के लिए ले जा रहा है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच एसडीएम कर रहे हैं। आरोपी दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत एसिड अटैक से पीड़ित छात्रा को पुलिस मुआवजे के लिए प्रयास करेगी। एसपी ने बताया कि केस के आधार पर शासन को पूरी जानकारी दी गई है।