देवरिया। सराफा कारोबारी को शुक्रवार की शाम गोली मारने की घटना में पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सदर कोतवाली में केस दर्ज किया है। घायल के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शहर के रौनियारी मोहल्ला के रोशन वर्मा उर्फ बन्नू वर्मा की आर्य समाज गली में सोने-चांदी की दुकान है। शुक्रवार की शाम पौने सात बजे तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूट की और विरोध करने पर गोली मार दी थी। घायल रोशन का उपचार लखनऊ में चल रहा है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। शनिवार को रोशन के पिता उमाशंकर वर्मा की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट का केस दर्ज किया है। उधर, एसपी ने घटना के खुलासे के लिए सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद, इंस्पेक्टर क्राइम शशांक शेखर राय, सर्विलांस सेल को निर्देशित किया है। पुलिस की एक टीम ने शहर के रामगुलाम टोला में छापामारी कर एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। वहीं, एक टीम ने कोतवाली इलाके के ही मुड़ाडीह गांव में छापेमारी की और यहां से भी दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बदमाश से एक मिल रहा है, लेकिन स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है। शनिवार की दोपहर कोतवाली पहुंचे एसपी एन. कोलांचि, एएसपी शिष्यपाल सिंह ने चारो बदमाशों से अलग-अलग बुलाकर पूछताछ की।