देवरिया। दूल्हे की कार और टेंपो में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि टेंपो पलट गई। चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। वहीं, हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे आसपास के लोगों द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि नाराज लोगों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। यह देख दूल्हा समेत अन्य लोग मौके से खिसक गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। खुखुन्दू थाना क्षेत्र के देवकली से युवक की बारात शनिवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के धनगड़ा जाने के लिए निकली। दूल्हे की गाड़ी रामपुर बुजुर्ग-मगहरा मार्ग पर रजडीहा गांव के समीप पहुंची थी कि सलेमपुर से सवारी लेकर जा रही टेंपो से टकरा गई। टक्कर के बाद टेंपो पलट गई। यह देख लोग पहुंचे और टेंपो में दबे लोगों को बाहर निकाला। इसमें रामपुर बुजुर्ग गांव निवासी टेंपो चालक अमीन विश्वकर्मा, रमावती देवी, सुधारी देवी, मठिया पठान गांव निवासी शकीला बेगम समेत पांच लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की वजह टेंपो में लाइट न होना बताई जा रही है। आक्रोशित लोगों ने दूल्हे की कार को तोड़ दिया। मामला बढ़ता देख खुखुंदू और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को खदेड़ दोनों वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस की मौजूदगी में घायलों का प्राथमिक इलाज सीएचसी पर हुआ। दुर्घटना के चलते दूल्हे को दूसरी गाड़ी से जाना पड़ा। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि वाहनों को कब्जे में लिया गया है। जिला अस्पताल में घायल भर्ती हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।