ब्यूरो अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कूलर में करंट आने से रविवार सुबह 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव शंकरपुर की राधा पत्नी बृजमोहन रविवार सुबह साढ़े सात बजे अपने कूलर में पानी भर रही थीं। इस दौरान कूलर चालू था। किसी तरह राधा कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आ गई। इससे पहले की परिजनों को राधा के करंट की चपेट में आने का पता चलता, काफी देर हो चुकी थी। परिजनों ने सप्लाई बंद कर राधा को करंट से निजात दिलाई लेकिन तब तक उनका शरीर नीला पड़ चुका था। बृजमोहन मोहल्ले के लोगों के साथ राधा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां राधा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राधा की अचानक मौत से पूरा परिवार हिल गया। अस्पताल में परिवार के लोग विलाप करने लगे। बाद में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।