मां के साथ बारात आए बालक से कुकर्म
जानकारी मिलते ही सीओ और सदर कोतवाली मौके पर पहुंचे
बृहस्पतिवार की रात का है मामला, अज्ञात चालक पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। मां के साथ बारात में आए एक पांच साल के बच्चे के साथ एक पिकअप चालक ने कुकर्म किया। मामला सदर कोतवाली के सोंदा स्थित एक मैरेज हाल के पास का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस को मौके पर मौजूद लोगों के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रुद्रपुर इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला अपने दो बच्चों संग सोंदा स्थित एक मैरेज हाल में बारात में शामिल होने आई थी। बारात में छोटा बेटा कहीं चला गया। इस बात की चिंता मां को नहीं थी। इसी बीच एक पिकअप चालक बालक को सुनसान स्थान पर ले गया और कुकर्म किया। घटना के बाद चालक बालक को बारात में छोड़कर भाग गया। काफी देर बाद उसकी खोजबीन शुरू हुई तो बालक मां को मिला। बालक ने आपबीती बताई। इससे लोग गुस्से में आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सीओ सिटी, सदर कोतवाल मयफोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बालक का जिला अस्पताल में उपचार कराया। मां की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ कुकर्म का केस दर्ज किया है। पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। इस बाबत सीओ सिटी वरुण मिश्र का कहना है कि पांच साल के बच्चे के साथ युवक ने कुकर्म किया है। बालक का उपचार कराया गया। केस दर्ज कर आरोपी अज्ञात युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।