देवरिया। नई दिल्ली से वैशाली एक्सप्रेस से पत्नी के साथ आ रहे एक सीए का बैग ट्रेन की एसी बोगी से चोरी हो गया। जानकारी होने पर उन्होंने देवरिया जीआरपी में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया। जीआरपी केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
भलुअनी थाने के सोनाड़ी गांव के रहने वाले विश्वजीत सिंह पुत्र रवि प्रताप सिंह चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं। वह परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं। शुक्रवार को पत्नी के साथ वैशाली एक्सप्रेस से घर के लिए चले। विश्वजीत के अनुसार शनिवार को ट्रेन गोरखपुर पहुंची। वहां तक एससी बोगी में उनका सारा सामान ठीक था। यहां के बाद उनका एक बैग चोरी हो गया। उस बैग में 45 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी के साथ ही कई अन्य सामान भी रखे थे। उन्होंने जीआरपी देवरिया में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कराया। जीआरपी एसओ का कहना है कि विश्वजीत सिंह का ट्रेन से सामान चोरी हुआ है। उनकी तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है।