देवरिया। ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 10वीं के छात्र ने दम तोड़ दिया। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा गोरखपुर के चौरीचौरा इलाके में हुआ। वहां की पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के भटौली बुजुर्ग गांव निवासी हरीराम यादव 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर में तैनात थे। कुछ दिन पूर्व उनका स्थानांतरण फैजाबाद हो गया। गोरखपुर के सिंघड़िया मोहल्ले में उनका मकान है। उनके बेटे दिवाकर यादव (18) ने 10वीं की परीक्षा दी थी। गांव के सुदामा यादव की पत्नी का निधन हो गया था। शनिवार को उन्हीं के ब्रह्मभोज में शामिल होने दिवाकर आया था। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले गांव के अमित यादव पुत्र रामसरीखा यादव को साथ लेकर बाइक से चौरीचौरा किताब खरीदने जा रहा था। अभी दोनों मझना नाला पार कर गोरखपुर की सीमा में पहुंचे थे कि पीछे से जा रहे एक ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। दिवाकर बाइक के साथ कुछ दूर तक घिसटते हुए चला गया। यह देखकर चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। अमित वहीं छिटककर दूर जा गिरा। सूचना पर चौरीचौरा पुलिस मौके पर पहुंची। दिवाकर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में लिया और गंभीर रूप से घायल अमित को सीएचसी चौरीचौरा पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग उसे एक निजी अस्पताल ले गए। इस बाबत चौरीचौरा के थानेदार नीरज राय ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। दूसरा छात्र घायल है, ट्रक कब्जे में है। चालक की तलाश कराई जा रही है।
परिवार का बड़ा बेटा था दिवाकर
गौरीबाजार के भटौली बुजुर्ग गांव निवासी हरीराम यादव के तीन संतानों में दिवाकर बड़ा था। गोरखपुर स्थित घर पर रहकर पढ़ाई करता था। मां आसपति देवी, छोटा भाई भास्कर और बहन किरन घर पर रहते हैं। पट्टीदार सुदामा की पत्नी के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने वह गांव आया था। किताब और कुछ सामान खरीदने चौरीचौरा जा रहा था। किसी को क्या पता था कि खुशहाल परिवार में अचानक विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ेगा। दिवाकर की मौत से परिवारवाले सदमे में आ गए। गांव के लोग भी गमजदा हैं।