युवक के अपहरण का आरोप, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
बिहार के कटया इलाके के पकड़ी मिश्र गांव का रहने वाला है नागेंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बघौचघाट इलाके से एक युवक के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। जमीन विवाद में पंचायत के लिए तीन मई को आया युवक लापता हो गया है। हालांकि, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन बिहार के बेगूसराय में मिली थी।
बिहार के गोपालगंज के कटया थानाक्षेत्र के पकड़ी मिश्र गांव निवासी नागेंद्र गुप्त (35) पुत्र मुखलाल शाह की कुछ जमीन बघौचघाट इलाके हरखौली गांव में है। यहां कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। पुलिस को दी तहरीर में उनकी पत्नी विद्यावती देवी ने कहा है कि तीन मई की शाम को वह पंचायत के लिए गए और लौटकर नहीं आए। रात 10 फोन आया और बताए कि एक कमरे में रखा गया है। कहां हैं, यह नहीं जान पा रहे हैं। परेशान होकर परिवारवालों ने बघौचघाट पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित परिवार ने कटया थाने में तहरीर दी। वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार के लोगों ने एसपी से बात कर मामले से अवगत कराया। विद्यावती देवी ने बताया कि अपहरण करने वाले लोग उनके पति की हत्या भी कर सकते हैं। इस बाबत बघौचघाट इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा ने बताया कि मामला बिहार का है। तहरीर के आधार पर युवक की मोबाइल लोकेशन दिखवाई गई। अंतिम बार उसकी लोकेशन बिहार के बेगूसराय में मिली है। उसने कटया एसओ से बात की है। वहां की पुलिस कार्य कर रही है।