छात्रा की शिकायत पर तीन मनचले पकड़े गए
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के गांव का है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। कोचिंग करने जा रही छात्रा ने रोज-रोज की फब्तियों से तंग आकर शोहदों को सबक सिखाने का मन बना लिया। शिकायत के बाद शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मामला रामपुर कारखाना इलाके का है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र की छात्रा आनंदनगर चौराहे पर एक कोचिंग सेंटर में रोज सुबह कोचिंग पढ़ने जाती है। देसही गांव के तीन लड़के प्रतिदिन उसको परेशान करते और फब्तियां कस रहे थे। शुक्रवार को अश्लीलता की हदें पार करते हुए उसकी साइकिल फेंक कर अपनी गाड़ी पर बैठने के लिए बोलने लगे। छात्रा चलती बनी। शोहदों में से एक ने कागज के टुकड़े पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर उसके ऊपर फेंक कर घर जाने के बाद फोन करने को कहा। लड़की ने उसे उठा लिया। 1090 पर तत्काल फोन करके उसने पुलिस को सूचना दी। रामपुर कारखाना पुलिस ने आरोपियों के घर छापेमारी की मगर वह फरार हो गए। शनिवार की शाम को मुखबिर की सूचना पर पिकेट पर तैनात सिपाही ओमप्रकाश सिंह और ओमदेव यादव ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीनों एक बाइक से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। गाड़ी भी कब्जे में कर ली गई है। थाने पर लाकर तीनों से पूछताछ की जा रही है। रामपुर कारखाना के एसओ विनय कुमार सिंह से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका सीयूजी नंबर बंद मिला।