रुद्रपुर। नगर के शिवाला वार्ड के रहने वाले एक युवक की 12 मार्च को आगरा में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मंगलवार की देर रात युवक का शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। वह मुंबई में अपने पिता के पास कमाने के लिए जा रहा था। ट्रेन के गेट से गुटखा थूकने के दौरान गिर गया और उसकी मौत हो गई।
उमेश गौड़ मुंबई में रहकर व्यवसाय करते है। घर में उनका बड़ा बेटा आकाश 19 वर्ष भूजा बेचकर परिवार चलाने में पिता का सहयोग करता था। उसके पिता ने बेटे को व्यवसाय में मदद करने को मुंबई बुलाया था। आकाश अपने छोटे भाई विकास और मोहल्ले के साथी अरविंद, राहुल, प्रिंस और अंकित के साथ 11 मार्च की शाम को मुंबई के लिए रवाना हुआ। परिवार वालों के अनुसार 12 मार्च की दोपहर को आगरा में किरौली स्टेशन के करीब वह गुटखा थूकने के लिए दरवाजे पर गया। इस दौरान आकाश का संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन से गिर गया। आकाश का सिर एक पोल से टकरा गया। आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। आकाश के मरने की सूचना पर मोहल्ले में मातम छा गया। बुधवार को आकाश का दाह संस्कार बैकुंठधाम पर किया गया। उसकी मां संगीता और बहन रिया, सुंदरी का रो रोकर बुरा हाल था। पिता बेटे के शव को देख कर बदहवास हो गए।