उरूवा बाजार। बेलघाट के पचपेड़वा में खेत में गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से निसार (32) की मौत हो गई। हादसा बुधवार को तड़के हुआ। घरवालों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के वजह से तार खेत में गिरा था। भोर में अंधेरे की वजह से निसार उसकी चपेट में आ गया।
पचपेड़वा के इलियास का पुत्र निसार सऊदी में रहता था। करीब दो महीने पहले ही वह वापस लौटा था। बुधवार की तड़के वह खेत की ओर गया था। खेत के पास ही ट्रांसफार्मर है जहां से हाईटेंशन तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था।
बिजली विभाग दे मुआवजा
मृतक की पत्नी शहिदुन निशा ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। उनका कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के वजह से ही मौत हुई है। मुआवजा नहीं मिला तो उच्चाधिकारियों के पास भी जाएंगी।
घर का कमाऊ बेटा था निसार
चार भाइयों में निसार दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। दो भाई छोटे हैं। उनके दो बेटियां जैनब (10), जन्नत (7) और एक पुत्र इब्राहिम है। भाइयों और बच्चों की जिम्मेदारी निसार के कंधों पर ही थी। परिवार के सामने अब जीविका चलाने का भी संकट आ गया है।
करंट से मिस्त्री की मौत
गोरखपुर। शाहपुर थानाक्षेत्र के मोहनापुर गांव में बुुधवार को करंट की चपेट में आने से नरसिंह निषाद (35) की मौत हो गई। वह राजगीर मिस्त्री का काम करते थे। बुधवार सुबह वह क्षेत्र के ही पूर्व रेंजर के निर्माणाधीन कॉलेज में काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए।