प्रेसवार्ता गल्ला व्यपार मंडल के पूर्व अध्यक्ष व गिरजा शंकर पत्नी शशी जायसवाल ने प्रेसवार्ता किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर की एक बेशकीमती जमीन पर सदर विधायक जन्मेजय के बेटे ने कब्जे का प्रयास किया। इससे गल्ला व्यापारियों में नाराजगी है। विरोध में बुधवार को गल्ला मंडी बंद रखने का ऐलान किया है। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर विधायक के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करेंगे। गल्ला व्यापारी गिरजा शंकर जायसवाल ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि चकियवां में उनकी पुश्तैनी जमीन है। आरोप लगाया कि 13 जनवरी को विधायक के बेटे कई समर्थकों के साथ जमीन पर कब्जा करने लगे। विरोध करने पर धमकी दी गई।
गिरजा शंकर ने बताया कि वह शिकायत लेकर सदर कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की, उल्टे डांटने लगे। एसपी राकेश शंकर से भी मुलाकात की। मगर सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि उसी रात पत्नी शशि जायसवाल के साथ वह गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे। शशि ने बताया कि 14 जनवरी की सुबह सीएम से भेंट हुई। उन्होंने पूरी बात गंभीरता से सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। गिरजा ने कहा कि वह विधायक से मिलने उनके घर भी गए थे, लेकिन भगा दिया गया। इस दौरान गल्ला व्यापार थोक एवं फुटकर विक्रेता संघ के उपाध्यक्ष राघवेंद्र जायसवाल ने कहा कि जमीन पर कब्जे के प्रयास के विरोध में बुधवार को गल्ला मंडी बंद रहेगी। कलेक्ट्रेट पर व्यापारी प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन तब तक चलेगा जब तक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो जाता है। संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश जायसवाल ने कहा कि साथी व्यापारी की जमीन पर किसी भी कीमत पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
व्यापारी का आरोप बेबुनियाद : विधायक
सदर विधायक जन्मेजय सिंह ने कहा कि व्यापारी का आरोप बेबुनियाद है। उनका बेटा जमीन पर कब्जा करने नहीं गया था। यह पूछने पर व्यापारी का कहना है जब वह विधायक से मिलने उनके गांव गया तो उसे भगा दिया गया, इस पर विधायक ने कहा कि इस संबंध में शिकायत लेकर उनके पास कोई नहीं आया था। मै तो व्यापारी को पहचानता तक नहीं हूं।