मझौलीराज/बघौचघाट। शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब 40 बीघा गेहूं की फसल खेत में जल गई। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद पहुुंचे फायर सर्विस कर्मियों को नाराज किसानों ने खरी-खोटी सुनाई। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने फसल नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार किया।
मझौलीराज नगर के बड़वा टोले में हाईटेंशन तार खेत के रास्ते गया है। लोगों की मानें तो सोमवार दोपहर में अचानक एक पोल के पास चिंगारी निकली और खेत में तैयार गेहूं की फसल में आग पकड़ लिया। आग की लपट देख लोग खेतों के तरफ दौड़ पड़े। लोगों ने अरहर के पौधे और पंपिंगसेट की मदद से आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
लोगों ने इसकी सूचना फायर सर्विस और तहसील प्रशासन को दी। एक घंटे मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया। आग में मझौलीराज के किसान सुरेंद्र यादव, रामनरेश यादव, अशोक, बैजनाथ, अवधेश, राजेंद्र, राजेश यादव, राजू, दिवाकर, रविंद्र, केश्वर, शिवनाथ, ब्रह्मदेव, दिनेश, रामविलास, प्रमोद, प्रेम यादव, ओमप्रकाश, मोती यादव, पिंटू, संजय, अभिषेक, पारस, अख्तर हुसैन, इम्तियाज अहमद का करीब 40 बीघे गेहूं की तैयार फसल खेत में जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे कानूनगो रामप्रसाद पांडेय ने किसानों से मुलाकात कर रिपोर्ट तैयार की।
लोगों ने डीएम से आग से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों की मानें तो अगर आग बुझाने का संसाधन तय समय पर पहुंचा होता तो शायद इतना गेहूं की फसल नहीं जली होती। लोगों ने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उधर, बघौचघाट जैतपट्टी मलसी में बिजली की चिंगारी से आग लग गई। दस कट्ठा गेहूं की खड़ी फसल हो गई।
मलसी टोला के जैदपट्टी निवासी जयप्रकाश कुशवाहा के गेहूं के खेत में सोमवार को बिजली के तार से चिंगारी निकलने से आग लग गई। आसपास के गांव के लोगों के कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। वहीं दूसरी ओर भटनी हतवा निवासी महेंद्र ठाकुर का दस कट्ठा गेहूं की फसल खेत में जलकर सोमवार को राख हो गया। शाम को अचानक बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।