अहिल्यापुर दुर्गा मंदिर पर सामूहिक विवाह समारोह में शामिल वर-वधू।
- फोटो : अमर उजाला
बरियारपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को अहिल्यापुर दुर्गा मंदिर में 39 जोड़ों की शादी कराई गई। इसमें 37 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से अग्नि के सात फेरे लिए।, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों के निकाह की रस्में कराई गईं। बैंड-बाजे संग निकली बारात की भव्य अगवानी हुई। मंडप से ही दुल्हन को घर-गृहस्थी के सामान के साथ विदा किया गया।
सामूहिक विवाह में शामिल हुए जोड़ों को मुख्य अतिथि विधायक कमलेश शुक्ल ने बर्तन, कपड़ा, गहना आदि उपहार भेंट किया। उन्होंने कहा कि गरीबों की शादी पूरे धूमधाम से हो और उसमें धन व दहेज आड़े न आए, इसी मकसद से यह योजना संचालित की गई है। प्रदेश सरकार गरीब, मजदूर किसान के लिए अनेक योजनाएं चलाकर उन्हें लाभान्वित कर रही है। सामूहिक विवाह का आयोजन स्वयं सेवी संस्था श्री दुर्गा जी बहुउद्देश्यीय सेवा संस्थान बरडीहा दल सलेमपुर व समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संयोजन में किया गया था। समाज कल्याण अधिकारी दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि इस योजना के तहत 20 हजार रुपये की धनराशि लड़की के खाते में और 10 हजार रुपये का गृहस्थी का सामान अलग से दिया जाता है। इससे अपनाकर दहेज व फिजूल खर्ची से बच सकते हैं। इस दौरान सुरेश कुमार मिश्रा, काशीनाथ मिश्र, सिद्धेश्वर शुक्ला, मारकंडेय मिश्र, शेषनाथ शुक्ला, पुरुषोतम मिश्र, बागेश्वरी मिश्र, गुनेश्वर मिश्र आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता परशुराम मिश्रा व संचालन सुरेश मिश्रा ने किया।