जिला अस्पताल पर घायल सर्राफा व्यवसायी रोशन उर्फ बन्नु वर्मा को देखने पहुंचे शुभ चिंतक।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर की पुलिस बदमाशों के आगे बेबस हो चुकी है। वे एक के बाद एक दुस्साहसिक वारदातें कर रहे हैं और पुलिस उन पर शिकंजा कसने में नाकाम है। डेढ़ माह में बीच शहर यह तीसरी वारदात है। इससे पहले 23 नवंबर को मालवीय रोड पर ही मनबढ़ों ने बस मालिक अनूप राय की सरेआम पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। अगले ही दिन कोतवाली गेट के सामने बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक की स्कूटी लूट ली थी, जबकि शुक्रवार की शाम यहीं सराफा व्यापारी रोशन उर्फ बन्नू वर्मा को गोली मार दी गई। अहम यह है कि घटनास्थल से थोड़ी दूर पर ही सेंटर पुलिस चौकी और शहर कोतवाली है, बावजूद इसके ऐसी वारदातें होना आश्चर्य में डालता है।
मालवीय रोड शहर का प्रमुख इलाका है। यहां हर वक्त भीड़ रहती है। कपड़ा, किराना, सराफा की कई बड़े प्रतिष्ठान इस क्षेत्र में हैं। शहर के मध्य होने के कारण लोग यहां खुद को सुरक्षित मानते रहे हैं, मगर डेढ़ माह में हुई दो घटनाओं ने उनका यह भ्रम तोड़ दिया। पहली घटना 23 नवंबर की है। रात साढ़े आठ बजे एचडीएफसी गली में 20-25 की संख्या में आए मनबढ़ों ने बस मालिक अनूप राय पर हमला बोल दिया था। लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर सरेआम उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। घटनास्थल से कोतवाली महज पांच सौ मीटर और सेंटर चौकी सौ मीटर दूर थी। लोग फोन करते रहे, लेकिन पुलिस को पहुंचने में आधे घंटे लग गया। इसके अगले ही दिन कोतवाली गेट के सामने बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक की स्कूटी लूट ली थी। इन घटनाओं के बाद भी पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया। नतीजा शुक्रवार की शाम बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में घुसकर सराफा व्यापारी को गोली मार दी।
दूसरों को देते हैं नसीहत, खुद का क्षेत्र असुरक्षित
शहर कोतवाली की कमान संभालने वाले विजय नारायण एसपी के चहेते माने जाते हैं। क्राइम मीटिंग सहित अन्य विभागीय बैठकों में वह अक्सर दूसरे थानेदारों को शहर कोतवाल से सीख लेने की नसीहत देते रहते हैं, मगर उनके क्षेत्र में हो रही वारदातों को देखकर तो ऐसा लग रहा है कि बदमाशों में उनका भी खौफ नहीं है। क्षेत्र के लोग खुद को भयभीत महसूस कर रहे हैं।
सराफा मंडल आज बंद रखेगा प्रतिष्ठान
रोशन उर्फ बन्नू वर्मा पर हमले के विरोध में सराफा संघ शनिवार को दुकानें बंद रखेगा। शुक्रवार को जिला सराफा संघ के अध्यक्ष शंखलाल वर्मा ने बताया कि संगठन के महामंत्री उमाशंकर वर्मा के बेटे पर किए गए हमले के विरोध में शनिवार को बाजार बंद रखेगा। जरूरत पड़ी तो व्यापार मंडल से वार्ता कर शहर के प्रतिष्ठानों को भी बंद कराया जाएगा। उन्होंने चेताया कि अगर 24 घंटे में दोषी नहीं पकड़े गए तो संगठन इसके विरोध में प्रदर्शन और जिलाधिकारी का घेराव करेगा।