जेल में रची गई सिपाही के हत्या की साजिश
खुफिया विंग की सूचना के बाद हरकत में आए अफसर
वाराणसी रहने वाला है बदमाश, एक साल से जिला जेल में हैं बंद
पिछले दिनों मोबाइल चलाते हुए सिपाही ने पकड़ा था, कोतवाली में दर्ज है केस
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। अतीक प्रकरण अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब जेल में एक सिपाही के हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है। जेल में ही बंद एक बदमाश ने वहां तैनात सिपाही के हत्या की योजना बनाई है। उसके इशारे पर वाराणसी से चार बदमाश भी जिले में आए। जेल पहुंचकर सिपाही की तलाश भी की, लेकिन संयोग रहा कि सिपाही से मुलाकात नहीं हो सकी। खुफिया इकाई की इस सूचना के बाद जेल और पुलिस अफसरों के होश उड़ गए हैं। मामले में गंभीरता दिखाते हुए एसपी ने शुक्रवार को जेल अधीक्षक से बात की और जरूरी निर्देश दिया है।
वाराणसी जिले का एक बदमाश करीब एक साल से देवरिया जिला जेल में बंद है। कुछ महीने पूर्व जेल की तलाशी के दौरान उसके पास से एक सिपाही ने मोबाइल बरामद किया था। जेल प्रशासन ने बदमाश के खिलाफ सदर कोतवाली में केस दर्ज करा दिया। इससे नाराज बदमाश ने जेल पहुंचे अपने मुलाकातियों के जरिए वाराणसी के रहने वाले साथियों से संपर्क कर सिपाही के हत्या की योजना बनाई। सूत्रों की मानें तो बुधवार और बृहस्पतिवार को दो बाइक से चार बदमाश सिपाही को खोजते हुए जेल पहुंचे थे। संयोग से दोनों दिन सिपाही से मुलाकात नहीं हुई। शुक्रवार को किसी ने मामले की जानकारी एसपी को दी। भौचक एसपी ने तत्काल जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय से बात की। जेल अधीक्षक ने इससे अनभिज्ञता जताई। एसपी ने संबंधित बदमाश के मोबाइल चलाने, केस दर्ज होने के बारे में जानकारी ली। सिपाही को सुरक्षित रखने और बदमाश को जेल बदलने के लिए तत्काल पत्र लिखने का निर्देश जेल अधीक्षक को दिया। इस बाबत एसपी एन. कोलांचि ने बताया कि जेल में बंद वाराणसी जिले के एक बदमाश की ओर से एक सिपाही की हत्या की साजिश की जानकारी मिली है। बदमाश के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
जेल में बढ़ी सुरक्षा, जांच के इंतजाम पुख्ता
देवरिया। माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद की वजह से चर्चा में आई देवरिया जेल में अब जांच के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। मुलाकातियों और सामानों की गहनता से जांच की जा रही है। जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने बताया कि मुलाकातियों की तलाशी ठीक ढंग से कराई जा रही है। बिना आईकार्ड के कोई भी मुलाकाती बंदी से मिल नहीं सकता है। जेल में सब कुछ ठीक रखने के लिए कड़ाई की जा रही है।