एमडी पब्लिक स्कूल में परीक्षा देते परीक्षार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मुड़ाडीह गांव के एक स्कूल में चल रही योग की परीक्षा में सामूहिक नकल का भंडाफोड़ हुआ है। एसडीएम सदर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कापियां सील करते हुए सूचना उच्चाधिकारियों को दी। परीक्षा के निदेशक ने इस केंद्र की परीक्षा निरस्त करते हुए कार्रवाई की बात कही है।
महर्षि दयानंद अर्ली टीचर्स ट्रेनिंग स्कूल नई दिल्ली का अध्ययन केंद्र सदर कोतवाली के मुड़ाडीह गांव स्थित एमडी पब्लिक स्कूल में बनाया गया है। शनिवार को यहां एक वर्षीय योग डिप्लोमा की परीक्षा चल रही थी। दोपहर में किसी ने एसपी को फोन से सूचना दिया कि परीक्षा में सामूहिक नकल कराया जा रहा है। एसपी के निर्देश पर एसडीएम सदर रामकेश यादव और सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। टीम के अचानक पहुंचने से केंद्र पर अफरातफरी मच गई। टीम ने कमरों में पहुंचकर छानबीन शुरू की तो अधिकांश बच्चों की कापियां में उत्तर हूबहू मिल रहे थे। इससे स्पष्ट हो रहा था कि यहां इमला बोलकर नकल कराया जा रहा है। एसडीएम सदर ने ट्रेनिंग स्कूल के डायरेक्टर पवन गुप्त से बात की तो उन्होंने परीक्षा निरस्त करते हुए कॉपियां सील करने को कहा। एसडीएम ने कॉपियों को सील कर दिया। परीक्षा दे रहे 135 छात्र को छोड़ दिया गया। स्कूल संचालक अभिषेक चौरसिया ने बताया कि हर साल परीक्षा कराते हैं। नकल जैसी कोई बात नहीं है। वहीं, एसडीएम सदर रामकेश यादव का कहना है कि सूचना पर छापेमारी की गई थी। परीक्षा में सामूहिक नकल पाई गई। लिहाजा कॉपियों को सील कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई ट्रेनिंग स्कूल के डायरेक्टर करेंगे। इस बाबत डायरेक्टर पवन गुप्त का कहना था कि सूचना पर परीक्षा निरस्त कर दी गई है। मामला सही पाया गया तो अध्ययन केंद्र को निरस्त कर दिया जाएगा। उनकी टीम आकर परीक्षा कराएगी।