सलेमपुर। खामपार थाना क्षेत्र की युवती ने भटनी थाना क्षेत्र के युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। थाने पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने बताया कि परिवार की स्थिति ठीक न होने के चलते एक वर्ष पूर्व वह अपने मां के साथ भटनी बाईपास पर किराए के मकान में रहकर पास में ही पॉर्लर चला रही थी। पांच जून को वह अपनी दुकान बंद कर रात करीब आठ बजे घर जा रही थी। इसी बीच चांदपार गांव के एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ उसे बाइक पर जबरन बैठा लिया। सुनसान जगह पर बंधक बनाकर उसके साथ रेप किया। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करता चला आ रहा था। जब युवती ने उससे शादी की बात की तो युवक ने स्पष्ट इंकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि भटनी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन, कार्रवाई के बजाय पुलिस ने उसे थाने से खदेड़ दिया। एसपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी एन. कोलांचि ने मामले में भटनी एसओ को केस दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।