देवरिया। साइकिल सवार सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे कार चालक को चौरीचौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास लोगों ने पीछा कर पकड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के भटौली बुजुर्ग गांव के नवगांव टोला निवासी शंकर प्रसाद कन्नौजिया कही जाने के लिए सुबह साइकिल से निकले। गांव के पास देवरिया की ओर से गोरखपुर जा रही चार पहिया कार ने साइकिल को चपेट में ले लिया। इससे शंकर प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भागने लगे। लोगों ने पीछा किया। चौरीचौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ढाला बंद होने के कारण लोगों ने कार चालक को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। चौरीचौरा पुलिस कार को कब्जे में ले ली है। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही गांववालों की सड़क पर भीड़ जुट गई। गौरीबाजार एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।