अवैध असलहा व चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया सिपाही व साथी।
- फोटो : अमर उजाला
लार। अवैध रायफल के साथ दबोचा गया सिपाही और इसके साथी को पुलिस ने जेल भेज दिया। 24 घंटे बाद भी पुलिस फरार चल रहे असलहा तस्कर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी सिपाही के बारे में जानकारी जुटाने के लिए बलिया जिले की पुलिस से लार पुलिस ने संपर्क किया है।
लार थाना क्षेत्र के सुतावर गांव में नट टोला में शनिवार की रात एक कार्यक्रम में बवाल की सूचना पर यूपी-100 का अपाची दस्ता वहां पहुंचा और असलहा लहरा रहे तस्कर जकाऊल को दबोच लिया। विरोध के कारण सिपाहियों को धक्का देकर तस्कर फरार हो गया। बाद मेें मयफोर्स के साथ पहुंचे एसओ ने छुट्टी पर घर आए सिपाही पप्पू अंसारी और अलाउद्दीन को चोरी की बाइक व अवैध रायफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। सिपाही की बलिया जिले में तैनाती है। बताया जाता है कि असलहा तस्कर जकाऊल सिपाही का करीबी है। इसकी सह पर बलिया जिले में असलहा की तस्करी करता है। लार पुलिस बलिया जिले की पुलिस से संपर्क कर सिपाही का ब्योरा खंगाल रही है। एसओ श्रवण यादव ने बताया कि सिपाही के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।