फिल्म निर्माता पर धोखाधड़ी का केस
विश्व हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष की तहरीर पर हुई कार्रवाई
पोस्टर में प्रदर्शित महंत आदित्यनाथ की तस्वीर पर आपत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला गोरखपुर फिल्म के निर्माता, निर्देशक के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। विश्व हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है। उन्होंने मंगलवार की शाम तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
तहरीर में सुभाष तिवारी ने मंगलवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा था कि ‘जिला गोरखपुर’ फिल्म का पोस्टर अखबारों में छपा था। इसमें एक व्यक्ति असलहा लेकर खड़ा है। उसके पास एक गाय बैठी हुई है। युवक केसरिया वस्त्र पहने हुए है, जिसे योगी आदित्यनाथ के रूप में पेश किया गया है। पोस्टर में संत को एक अपराधी दिखाने की कोशिश की गई है। योगी को प्रदेश के साथ ही अन्य प्रदेश के लोग भी मानते हैं। नेपाल के लोगों की भी आस्था मंदिर से जुड़ी हुई है। पोस्टर से हिंदू जनमानस को ठेस पहुंच रहा है। तहरीर के आधार पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने जिला गोरखपुर फिल्म के निर्माता, निर्देशक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।