देवरिया। जिले के साइबर सेल ने मास्टर माइंड समेत तीन साइबर अपराधियों को धर दबोचा है। डिलीवरी लेने पहुंचे दो युवकों को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट के पास से पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर मास्टर माइंड को मऊ जिले से गिरफ्तार किया गया । गिरोह में 500 से अधिक सदस्य हैं।
सदर कोतवाली के भीमपुर गांव के अब्दुल रहमान सिंचाई विभाग सलेमपुर में कर्मचारी हैं। एसबीआई की सलेमपुर शाखा में उनका खाता है। तीन दिन पहले वह एसपी से मिले और 15 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की शिकायत की। मामला साइबर सेल को भेज दिया गया। साइबर सेल ने फ्लिपकार्ट से जानकारी हासिल की तो पता चला कि लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट के पास सामान की डिलीवरी होनी है। उसी दिन टीम के कुछ सदस्य लखनऊ रवाना हो गए और डिलीवरी प्वाइंट पर पहुंचकर डेरा डाल दिया। एसपी राकेश शंकर ने फ्लिपकार्ट के लीगल हेड से बात कर डिलीवरी प्वाइंटर पर साइबर सेल से समन्वय बनवाया। तीन दिन तक टीम वहां जमी रही। सोमवार की शाम बाइक से दो शख्स डिलीवरी लेने आए। टीम ने उन्हें दबोच लिया है। पकड़े गए बाबूलाल चौहान पुत्र सुरेंद्र चौहान और जीतेंद्र चौहान पुत्र बलजोर चौहान घोषी, मऊ के रहने वाले हैं। दोनों ने बताया कि मास्टरमाइंड जालंधर चौहान मऊ जिले का रहने वाला है। एसपी ने मऊ पुलिस से बात की और यहां से दूसरी टीम मऊ के लिए भेज दी। मास्टर माइंड को घर से उठा लिया गया। तीनों को देवरिया लाया जा रहा है।
दो महीने में एक करोड़ से अधिक की ली डिलीवरी
देवरिया। मास्टर माइंड जालंधर चौहान ने पुलिस को बताया कि वे दो महीने में 500 से अधिक डिलीवरी ले चुके हैं। इसकी कीमत एक करोड़ से अधिक थी। 40 पन्ने से अधिक का डिलीवरी ऑर्डर अभी कंपनी के पास है।
जिलों से पिन चोरी कर बड़े शहरों में डिलीवरी
देवरिया। साइबर अपराधियों का गिरोह छोटे जिलों और कस्बों से एटीएम कार्ड का पिन चोरी कर बड़े शहरों में डिलीवरी लेता था। देवरिया साइबर सेल की सक्रियता से इस गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट के लीगल हेड से एसपी ने बात की तो इनके माध्यम से बुक कराए सभी सामानों की डिलीवरी रोक दी गई है।
मऊ से पकड़े गए मास्टर माइंड जालंधर चौहान ने साइबर टीम को बताया कि पूर्वांचल के सभी जिलों में उसने नेटवर्क तैयार किया है। टीम के सदस्य जिला मुख्यालय और कस्बों के एटीएम तक जाते हैं। पेन कैमरे से गुप्त कोड चुराते हैं। गुप्त पिन कोड मिलने पर वह घर से ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट को ऑर्डर कर देते हैं। उसने बताया कि सामानों की डिलीवरी वह लखनऊ, बंगलुरू, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली में लेते हैं। जिससे यहां के लोग वहां तक आसानी से पहुंच न सकें। उसका कहना है कि अभी तमाम सामानों का ऑर्डर दिया गया है। वहां रह रहे उनके लोग सामान की डिलीवरी लेकर पहुंचाते हैं।