गाना बजाने से रोका तो की तोड़फोड़
खुखुंदू के बभनी पांडेय गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। वैवाहिक समारोह में डीजे की तेज धुन पर अश्लील गाना बजाने से मना करने पर अराजकतत्वों ने एक बोलेरो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना बभनी पांडेय गांव में मंगलवार रात की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची यूपी-100 की टीम को देख सब इधर-उधर भाग निकले। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
थानाक्षेत्र के बभनी पांडेय गांव निवासी साजिद मोहम्मद ने पुलिस को दिए तहरीर में लिखा है कि मंगलवार की रात गांव के एक व्यक्ति के घर दावत-ए-वलीमा कार्यक्रम है। इसमें दरवाजे पर डीजे बज रहा था। पार्टी में भटनी क्षेत्र से भी कुछ लोग पहुंचे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे एक युवक अपने साथियों के साथ डीजे की आवाज तेज कर अश्लील गाना बजाते हुआ डांस करने लगा। जब आवाज धीमी करने को कहा गया तो वह उग्र हो गए। गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडे से लैस होकर दौड़ा लिए। आरोपियों ने गोठा पर रखे बोलेरो का शीशा तोड़ दिया। प्रभारी एसओ मनोज यादव ने कहा कि पुलिस मौके पर गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।